Friday, October 5, 2012

CM HOUSE पर कांग्रेसियों को खदेड़ने पुलिस ने चलाई लाठियां

भोपाल। सभा के बाद मुख्यमंत्री निवास का घेराव करने निकले कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने बल प्रयोग किया। जिसमें कई कार्यकर्ता घायल हो गए। प्रदर्शनकारियों को खदेडऩे के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोडऩे पड़े। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया।


गुरुवार को मुख्यमंत्री निवास का घेराव करने के लिए प्रदेशभर से कांग्रेस के कार्यकर्ता टीन शेड पर इकट्ठा हुए थे। यहां प्रदेशाध्यक्ष कांतीलाल भूरिया, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह, गोविंद गोयल समेत अन्य नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।


कार्यकर्ताओं को आगे बढऩे से रोकने के लिए पूरे टीटी नगर में जगह-जगह बेरिकेड्स और जालियां लगाकर उसे छावनी में तब्दील कर दिया गया था। सभा के समाप्त होते ही करीब 3 बजे कार्यकर्ताओं ने सीएम हाउस के लिए कूच किया।

पुलिस की चेतावनी के बाद अपेक्स बैंक के सामने लगे बेरिकेड्स और जाली तोड़ते हुए जैसे ही कार्यकर्ताओं की भीड़ आगे बढ़ी पुलिस ने उन पर वाटर केनन से पानी का छिड़काव शुरू कर दिया। कार्यकर्ता पीछे हटे, लेकिन बाद में पथराव करते हुए आगे बढ़े।

उग्र कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पुलिस को एक दर्जन आंसू गैस के गोले छोडऩे पड़े। इस बीच कुछ कार्यकर्ताओं ने अपेक्स बैंक के सामने जैसे ही एक और बेरिकेड्स तोड़ा तो पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज कर उन्हें खड़े दिया।


दोबारा कार्यकर्ता अपने नेताओं प्रदेशाध्यक्ष भूरिया, विधानसभा नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह, पूर्व महापौर सुनील सूद, मप्र युवक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष जीतू पटवारी आदि के साथ आगे बढ़े, जिन्हें पुलिस ने बेरिकेड्स से आगे नहीं जाने दिया। सभी नेता बेरिकेड्स पर चढ़ गए। इस दौरान महिला कार्यकर्ताओं ने भी बेरिकेड्स तोडऩे की कोशिश की। करीब 45 मिनट तक पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच रस्साकशी हुई। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त हो गया।

No comments:

Post a Comment