Friday, July 8, 2011
पत्नी के बिस्तर पर छोड़ते थे बिच्छू और जहरीले सांप'
रांची। सोनी शाहदेव ऐसी अभागिन लड़की है, जिसे अपनों ने ही दगा दिया। पति दूसरी लड़की के चक्कर में फंस गया। विरोध करने पर उसे पीटा जाता था। नंदोसी बुरी नीयत रखने लगा। सोनी से बतौर दहेज पांच लाख रुपए लाने को कहा जाता था।
यही नहीं, रात में सोनी के बिस्तर पर विषधर सांप या बिच्छू छोड़ दिए जाते थे। जब कभी सोनी इस पर एतराज जताती थी, तो उससे कहा जाता था कि हम नागवंशी परिवार के हैं, देवी-देवता तो बहू को देखने आएंगे ही, इसमें बुरा क्या है। अपनी आपबीती बयां करते हुए सोनी ने बुधवार को पति मनींद्र नाथ शाहदेव के खिलाफ महिला थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। इसमें भी उसे काफी मशक्कत करनी पड़ी।
थक हार कर सोनी रांची के ग्रामीण एसपी माइकल राज से मिली। उनके आदेश पर महिला थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई।
रांची वीमेंस कॉलेज से स्नातक सोनी शाहदेव की शादी 19 नवंबर 2008 को अनगड़ा के मनींद्र से हुई थी। सोनी का आरोप है कि शादी के छह सात महीने बाद उसे मायके से पांच लाख रुपए लाने को कहा गया। दबाव पर उसके पिता ने किसी तरह दो लाख रुपए दिए। फिर भी प्रताडऩा कम न हुई। आरोप है कि उसके पति का नाजायज संबंध घर के पास की ही लड़की से है।
बेटी की खातिर सहती रही जुल्म
सोनी ने कहा कि उसे दो साल की एक बेटी है, इस वजह से वह सबकुछ सहती रही, ताकि उसकी बेटी को पापा का प्यार मिलता रहे। सोनी का आरोप है कि एक दिन उसके नंदोसी ने उस पर बुरी नजर डाली। उसने जब विरोध किया, तो उसे कमरे में बंद कर दिया गया। वह चीखती चिल्लाती रही, लेकिन कोई बचाने नहीं आया। किसी तरह उसने अपनी आबरू बचाई। जब वह इस बात की शिकायत अपने पति से करती थी, तो उसकी नहीं सुनी जाती थी। नंदोसी का घर में दबदबा है। उसके पिता एक राजनीतिक दल से जुड़े हैं। सोनी का कहना है कि अगर उसे इंसाफ नहीं मिला, तो वह टूट जाएगी।
सोनी के बयान पर मामला दर्ज कर लिया गया है। सोनी पढ़ी लिखी है। उसका पति कम पढ़ा लिखा है, जिस कारण दोनों में विवाद हो जाता था। पहले भी एक बार दोनों पति पत्नी को समझा बुझा कर भेज दिया गया था। सोनी की आठ बहनें हैं। दहेज में पांच लाख रुपए मांगता है, वह कहां से लाकर देगी। सुपरविजन रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।"शीला टोप्पो, थाना प्रभारी महिला थाना"
No comments:
Post a Comment